Table of Contents
Ganesh Chaturthi 2025 : आज गणेश चतुर्थी का शुभ अवसर पूरे देश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। भक्त अपने घरों में बप्पा की प्रतिमा की स्थापना कर हर्षोल्लास से पूजा कर रहे हैं। हर तरफ भक्ति और उत्साह का माहौल नजर आ रहा है। इस खास दिन बप्पा को भोग लगाने के लिए तरह–तरह की मिठाइयां तैयार की जाती हैं। मान्यता है कि भगवान गणेश को मोदक बेहद प्रिय है। ऐसे में आप पारंपरिक मोदक के साथ–साथ मखाने से बने मोदक का भोग भी लगा सकते हैं, जिसे घर पर बनाना बेहद आसान है।
लोग बप्पा के लिए अलग–अलग प्रकार के मोदक बनाते हैं। कुछ मावा या चावल के आटे से मोदक तैयार करते हैं, तो कुछ नए–नए फ्लेवर के साथ एक्सपेरिमेंट करते हैं। आजकल चॉकलेट मोदक से लेकर ड्राई फ्रूट्स मोदक तक कई वेरायटी लोकप्रिय हैं। अगर आप इस बार कुछ नया करना चाहते हैं, तो मखाने से बने मोदक जरूर ट्राई करें। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।
Ganesh Chaturthi 2025 : मखाना मोदक बनाने के लिए जरूर सामग्री
मखाने के मोदक बनाने के लिए आपको चाहिए: 1 कप मखाना, घी, दूध, 2-3 केसर के धागे, स्वादानुसार चीनी या शुगर पाउडर, मिल्क पाउडर, 1/4 कप काजू, बादाम और किशमिश। इसके अलावा आप अपनी पसंद के अन्य नट्स या सीड्स भी मिला सकते हैं। अब जानते हैं कि इन स्वादिष्ट मोदकों को कैसे तैयार किया जाए।
मखाना मोदक बनाने की विधि
मखाना मोदक बनाने के लिए सबसे पहले मखानों को कड़ाही में डालकर कुरकुरे होने तक भून लें। इसके बाद इन्हें मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें। अब एक कड़ाही में दूध हल्का गर्म करें और उसमें मिल्क पाउडर व चीनी डालकर अच्छी तरह मिला लें। फिर इसमें भुने हुए मखाने का पाउडर डालें। इसके बाद केसर मिला हुआ दूध भी इसमें डालकर मिक्स करें। अब ऊपर से थोड़ा घी डालें और मिश्रण को अच्छी तरह पकाएं। जब यह पेस्ट थोड़ा गाढ़ा हो जाए, तो गैस बंद कर दें।
अब मोदक का सांचा लें और इस मिश्रण को उसमें भरें। लीजिए, स्वादिष्ट मखाना मोदक तैयार है।अगर आप चाहें तो इसमें ड्राई फ्रूट्स भी मिला सकते हैं। इसके लिए बादाम, काजू और अन्य मेवे हल्का भूनकर पाउडर बना लें और मिश्रण में डाल दें। या फिर इन्हें छोटे–छोटे टुकड़ों में काटकर भी मिला सकते हैं। इससे मोदक का स्वाद और भी लाजवाब हो जाएगा।