Amritsari Paneer Bhurji Recipe: पनीर में प्रोटीन, कैल्शियम और विटामिन जैसे कई पोषक तत्व होते हैं, जो सेहत के लिए बेहद फायदेमंद हैं। अधिकतर लोग पनीर मटर या पनीर भुर्जी बनाकर खाना पसंद करते हैं, लेकिन आप इसे एक खास अंदाज में अमृतसरी भुर्जी बनाकर भी टिफिन में ले जा सकते हैं। इसमें एक स्पेशल इंग्रीडिएंट इस्तेमाल किया जाता है, जो इसे बाकी पनीर भुर्जियों से अलग बनाता है।
Table of Contents
ऑफिस या स्कूल के टिफिन में क्या बनाएं, यह सवाल हर किसी को परेशान करता है। टेस्टी और हेल्दी ऑप्शन चुनना मुश्किल हो जाता है। एक ही सब्जी रोजाना खाने से मन ऊब जाता है। ऐसे में आप सब्जी को नए तरीके से बना सकते हैं ताकि टिफिन भी स्वादिष्ट और न्यूट्रीशियस बने। कई लोग शाही पनीर पसंद करते हैं, लेकिन वह जल्दी बनती नहीं। इसलिए पनीर मटर या पनीर भुर्जी बनाना आसान और पॉपुलर ऑप्शन बन गया है।
आपने शायद अमृतसरी पनीर भुर्जी के बारे में सुना होगा, जो स्वाद में बेहतरीन होती है और आसानी से जल्दी बन जाती है। यह रोजमर्रा की मटर पनीर की सब्जी से बिल्कुल अलग और टेस्टी होती है। मशहूर शेफ कुणाल कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इसका रेसिपी शेयर की है, जिसे आप भी आज़मा सकते हैं।
जरूरी इंग्रीडिएंट्स
इसे तैयार करने के लिए आपको आवश्यकता होगी पनीर अपनी आवश्यकता अनुसार, साथ ही जरूरी मसाले जैसे नमक, लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला, अदरक, हल्दी पाउडर, कसूरी मेथी और ताजा हरा धनिया। इसके अलावा बेसन, घी, मक्खन, प्याज और टमाटर भी इस रेसिपी में इस्तेमाल किए जाते हैं।
अमृतसरी पनीर भुर्जी रेसिपी
इस व्यंजन को बनाने के लिए सबसे पहले कढ़ाई में तेल गरम करें। फिर उसमें बेसन डालें और हल्दी डालकर धीमी आंच पर अच्छे से भून लें। उसके बाद प्याज को बारीक काट लें। एक अलग पैन में मक्खन या घी गरम करें और उसमें कटे हुए प्याज, हरी मिर्च और कटा हुआ अदरक डालकर भूनें। ध्यान रखें कि प्याज को ब्राउन नहीं करना है, बस हल्का सा पकाना है ताकि स्वाद बेहतरीन बना रहे। फिर इसमें हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर और धनिया पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब टमाटर को छोटे टुकड़ों में काटकर इसमें डालें और नमक डालकर मिलाएं। ध्यान दें कि टमाटर और प्याज को ज्यादा पकाना नहीं है, बस हल्का सा नरम करना है।
इसके बाद बेसन का पेस्ट डालकर अच्छे से मिलाएं, जो इस पनीर भुर्जी को अन्य भुर्जियों से अलग बनाता है। यदि पेस्ट थोड़ा सूखा लगे, तो थोड़ा पानी डालकर मोइस्ट करें। बेसन इस डिश के स्वाद को और भरपूर बनाता है। मसाले को धीमी आंच पर पकाएं। फिर इसमें कद्दूकस किया हुआ पनीर डालें। ऊपर से कसूरी मेथी, गरम मसाला और ताजा हरा धनिया डालें और हल्का पकाएं। लीजिए, स्वादिष्ट अमृतसरी स्टाइल पनीर भुर्जी तैयार है। इसे आप ब्रेड या रोटी के साथ लंच में ले जा सकते हैं।