घरेलू हेयर मास्क : नरम और चमकदार बाल पाने के लिए अक्सर लोग महंगे हेयर ट्रीटमेंट का सहारा लेते हैं। लेकिन बिना ज्यादा खर्च किए, आप घर पर मौजूद प्राकृतिक चीजों से भी अपने रूखे और बेजान बालों को सॉफ्ट और हेल्दी बना सकते हैं। ये उपाय न सिर्फ बालों को पोषण देते हैं, बल्कि हेयर ग्रोथ को भी बढ़ावा दे सकते हैं।
Table of Contents
हर महिला चमकदार और रेशमी बाल चाहती है। इसके लिए बहुत से लोग केराटिन ट्रीटमेंट जैसे महंगे सैलून ट्रीटमेंट कराते हैं, जो बालों को स्मूथ, स्ट्रेट और शाइनी बनाने में मदद करता है। हालांकि, यह ट्रीटमेंट महंगा होता है और इसमें केमिकल्स का इस्तेमाल भी किया जाता है, जिससे कई लोग इसे करवाने से बचते हैं।
ऐसे में कुछ घरेलू उपाय आपके बालों को नैचुरली सॉफ्ट और चमकदार बनाने में कारगर साबित हो सकते हैं। आप घर में उपलब्ध नेचुरल इंग्रीडिएंट्स से हेयर मास्क तैयार कर सकते हैं। इनका नियमित उपयोग — हफ्ते में एक या दो बार — बालों को मज़बूत, मुलायम और स्वस्थ बनाने में मदद कर सकता है।
घरेलू हेयर मास्क : अंडा का हेयर मास्क
अंडे में प्रोटीन भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो बालों की मजबूती और पोषण के लिए बेहद फायदेमंद होता है। आप इससे एक असरदार हेयर मास्क तैयार कर सकते हैं। इसके लिए एक अंडा, एक केला, चार चम्मच दूध और तीन चम्मच शहद मिलाएं। चाहें तो इसमें तीन चम्मच ऑलिव ऑयल भी मिला सकते हैं।
इस हेयर मास्क को अच्छी तरह मिलाकर बालों की जड़ों से लेकर सिरों तक लगाएं और 20 से 25 मिनट तक लगा रहने दें। इसके बाद माइल्ड शैंपू से बाल धो लें। यह मास्क बालों की ड्राइनेस को कम करने और उन्हें सॉफ्ट बनाने में मदद करता है। इसका इस्तेमाल सप्ताह में एक बार किया जा सकता है।
एलोवेरा और नारियल तेल
एलोवेरा और नारियल तेल दोनों ही बालों को मुलायम और चमकदार बनाने में बेहद प्रभावी होते हैं। इन दोनों को मिलाकर एक नैचुरल हेयर मास्क तैयार किया जा सकता है। ताजा एलोवेरा जेल लें और उसमें नारियल तेल मिलाकर एक स्मूद पेस्ट बना लें। अच्छी तरह से मिश्रण तैयार करने के लिए आप ग्राइंडर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
इस हेयर मास्क को बालों की स्कैल्प और लेंथ पर लगाएं और 20 से 30 मिनट तक छोड़ दें। फिर माइल्ड शैंपू से बाल धो लें। यह मिश्रण बालों को मजबूत, नरम और हाइड्रेटेड बनाने में मदद करता है। इसे हफ्ते में दो बार इस्तेमाल करना फायदेमंद रहेगा।
प्याज का रस
प्याज का रस बालों की ग्रोथ बढ़ाने में काफी लाभकारी होता है। इसे एलोवेरा जेल या नारियल तेल के साथ मिलाकर एक असरदार हेयर मास्क तैयार किया जा सकता है। इसके लिए 2 से 3 चम्मच प्याज के रस में उतनी ही मात्रा में एलोवेरा जेल मिलाएं।
इस मिश्रण को बालों की जड़ों से लेकर सिरों तक अच्छी तरह लगाएं और 25 से 30 मिनट तक छोड़ दें। इसके बाद माइल्ड शैंपू से बाल धो लें। यह हेयर मास्क बालों को मजबूत और चमकदार बनाने में मदद कर सकता है।
हालांकि, इस मास्क को लगाने से पहले एक पैच टेस्ट जरूर करें। अगर यह मिश्रण आपकी स्किन को सूट करता है, तभी इसका उपयोग पूरे बालों पर करें।