संजय कपूर की मौत : संजय कपूर के निधन के बाद उनकी मां रानी कपूर ने सोना कॉमस्टार की वार्षिक आम बैठक (AGM) को स्थगित करने की अपील की है। उनका कहना है कि वे इस समय मानसिक रूप से इसके लिए तैयार नहीं हैं।

करिश्मा कपूर के पूर्व पति और सोना कॉमस्टार के चेयरमैन संजय कपूर का 12 जून 2025 को लंदन में अचानक निधन हो गया। इस दुखद घटना के बाद, रानी कपूरजो पहले कंपनी की चेयरपर्सन रह चुकी हैं और आज भी एक बड़ी हिस्सेदार हैंने कंपनी की 29वीं AGM को आगे बढ़ाने की मांग की है। यह मीटिंग कंपनी के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है, इसलिए इसे टालने का निर्णय काफी अहम है।

Economic Times की रिपोर्ट के अनुसार, रानी कपूर ने कहा कि उनके बेटे की मौत न केवल अचानक, बल्कि संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि अब तक उन्हें इस संबंध में कोई आधिकारिक सूचना या दस्तावेज नहीं प्राप्त हुए हैं। रानी कपूर ने यह गंभीर आरोप भी लगाया कि बेटे की मौत के बाद सदमे की स्थिति में उनसे कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवा लिए गए, जिनके बारे में उन्हें जानकारी नहीं दी गई थी। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों की सामग्री उन्हें समझाई नहीं गई और उन्हें यह तक नहीं पता कि उन्होंने किस पर साइन किया है।

संजय कपूर की मौत : नियुक्तियों पर उठाए सवाल

रानी कपूर ने कंपनी के बोर्ड में हाल ही में हुई नियुक्तियों पर भी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि कुछ व्यक्ति खुद को कंपनी का सबसे बड़ा शेयरधारक बताकर उनके परिवार के हितों का प्रतिनिधित्व करने का दावा कर रहे हैं। रानी कपूर ने आरोप लगाया है कि जिन दस्तावेजों पर उन्होंने दबाव में हस्ताक्षर किए थे, उनका अब दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उन्होंने न तो किसी को बोर्ड में शामिल होने की अनुमति दी है और न ही अपनी ओर से प्रतिनिधित्व करने की मंजूरी दी है।

AGM टालने की मांग की

रानी कपूर ने अनुरोध किया है कि AGM को कम से कम दो सप्ताह के लिए स्थगित किया जाए ताकि वे सभी जानकारी प्राप्त कर पारदर्शिता के साथ निर्णय ले सकें। उनके वकील वैभव गग्गर ने ANI को बताया कि फिलहाल रानी कोई कानूनी कदम नहीं उठा रही हैं, लेकिन वह चाहती हैं कि हर निर्णय पूरी समझदारी से लिया जाए। रानी ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर उनकी बातों को अनदेखा किया गया, तो वह इसे परिवार और कंपनी के खिलाफ एक साजिश के रूप में देखेंगी।

Your Comments