सलमान-आमिर की वापसी : सलमान खान की फिल्म ‘सिकंदर‘ दर्शकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। ईद पर रिलीज़ हुई इस फिल्म की शुरुआत जबरदस्त रही, लेकिन कुछ ही दिनों में इसकी कमाई में लगातार गिरावट देखने को मिली। ‘सिकंदर‘ की स्थिति हर गुजरते दिन के साथ कमजोर होती जा रही है और सलमान खान अपने फैंस की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए।

हालांकि, इस बीच सलमान ने अपने प्रशंसकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी दी है। एक्टर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक खास एलान किया है जिसने फैंस को बेहद उत्साहित कर दिया है। सलमान ने बताया कि उनकी 30 साल पुरानी सुपरहिट फिल्म ‘अंदाज़ अपना अपना‘ फिर से सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है।

पहले ही आमिर खान के साथ इस क्लासिक कॉमेडी फिल्म की री–रिलीज की घोषणा हो चुकी थी और अब सलमान ने भी इसे ऑफिशियल बना दिया है। 30 साल बाद सलमान और आमिर की जोड़ी एक बार फिर दर्शकों को हंसी का तड़का लगाने के लिए तैयार है।

सलमान ने दी फैंस को गुड न्यूज

कुछ दिन पहले इस ब्लॉकबस्टर फिल्म का टीज़र रिलीज़ किया गया था और अब सलमान खान ने अपने एक्स (Twitter) हैंडल से इसका ट्रेलर भी शेयर कर दिया है। ट्रेलर के साथ उन्होंने लिखा, “अमर प्रेम का अंदाज़ फिर लौट आया है। ‘अंदाज़ अपना अपना‘ 25 अप्रैल 2025 को देशभर के सिनेमाघरों में एक बार फिर से धमाल मचाने के लिए तैयार है।”

बॉक्स ऑफिस पर पिट गई थी ‘अंदाज अपना अपना’

‘अंदाज़ अपना अपना‘ को दर्शकों ने काफी पसंद किया, लेकिन इसके बावजूद यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पाई थी। इसे औसत प्रदर्शन करने वाली फिल्मों में गिना जाता है। सलमान खान और आमिर खान के साथ इसमें करिश्मा कपूर और रवीना टंडन ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। इसके अलावा फिल्म में परेश रावल, टीकू तल्सानिया और शक्ति कपूर जैसे कलाकारों ने भी अहम भूमिका निभाई थी। फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया था, जबकि इसे विनय कुमार सिंह ने प्रोड्यूस किया था। करीब तीन करोड़ की लागत से बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में सिर्फ आठ करोड़ रुपये की कमाई की थी।

इमरान हाशमी की ‘ग्राउंड जीरो’ से होगा क्लैश

बॉक्स ऑफिस पर ‘अंदाज़ अपना अपना‘ का मुकाबला इमरान हाशमी की फिल्म ‘ग्राउंड जीरो‘ और साउथ स्टार विष्णु मांचू की फिल्म ‘कन्नप्पा‘ से होने वाला है। ये दोनों फिल्में भी 25 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होंगी।