श्रीदेवी संपत्ति विवाद : फिल्म प्रोड्यूसर बोनी कपूर ने अपनी दिवंगत पत्नी और अभिनेत्री श्रीदेवी की संपत्ति से जुड़े विवाद को लेकर मद्रास हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। बोनी कपूर का आरोप है कि तीन लोग श्रीदेवी की चेन्नई स्थित संपत्ति पर अवैध दावा कर रहे हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोनी कपूर ने कोर्ट में बताया कि श्रीदेवी ने यह संपत्ति 19 अप्रैल 1988 को एम.सी. संबंदा मुदलियार नाम के व्यक्ति से खरीदी थी। बोनी कपूर का दावा है कि तीनों आरोपियों ने इस संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश की और धोखाधड़ी की।

फिल्ममेकर के अनुसार, जिस व्यक्ति से श्रीदेवी ने यह प्रॉपर्टी खरीदी थी, उसके परिवार में तीन बेटे और दो बेटियां थीं। फरवरी 1960 में परिवार के सदस्यों ने आपसी सहमति से संपत्ति का बंटवारा किया था और उसी समझौते के आधार पर यह प्रॉपर्टी श्रीदेवी के नाम पर खरीदी गई थी।

श्रीदेवी संपत्ति विवाद श्रीदेवी की प्रॉपर्टी पर अवैध कब्जा

हाल ही में तीन लोगों ने इस संपत्ति पर अधिकार जताना शुरू कर दिया है। इनमें एक महिला शामिल है, जो खुद को श्री मुदलियार के तीन बेटों में से एक की दूसरी पत्नी बताती है, जबकि बाकी दो लोग उसके बेटे हैं। अपनी याचिका में बोनी कपूर ने उल्लेख किया कि यह महिला दावा करती है कि उसकी शादी 5 फरवरी 1975 को हुई थी। बोनी कपूर के मुताबिक, यह दावा मान्य नहीं है क्योंकि मुदलियार के बेटे की पहली पत्नी का निधन 24 जून 1999 को हुआ था, यानी शादी के समय पहली पत्नी जीवित थी।

बोनी कपूर ने दायर की याचिका

बोनी कपूर ने अदालत में यह भी सवाल उठाया कि तीनों व्यक्तियों को कानूनी वारिस का प्रमाणपत्र कैसे जारी किया गया। उन्होंने अदालत से इस प्रमाणपत्र को तुरंत रद्द करने की अपील की। याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति एन. आनंद वेंकटेश ने ताम्बरम तालुक तहसीलदार को चार हफ्तों के भीतर मामले पर निर्णय देने का निर्देश दिया। जानकारी के लिए बता दें कि श्रीदेवी की यह संपत्ति चेन्नई, तमिलनाडु के ईस्ट कोस्ट रोड (ईसीआर) पर स्थित है और उनके परिवार द्वारा फार्महाउस के रूप में उपयोग की जाती रही है।

Your Comments