गर्मी के मौसम में खानपान में बदलाव बेहद जरूरी हो जाता है। ऐसे मौसम में शरीर को ठंडक देने वाले खाद्य पदार्थों को शामिल करना फायदेमंद होता है। अगर आप नॉनवेज खाने के शौकीन हैं, तो गर्मियों में इसका अत्यधिक या रोजाना सेवन स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। ऐसे में नॉनवेज के साथ इन पांच चीजों में से किसी एक का सेवन जरूर करें, जिससे शरीर संतुलित रहे।

बहुत से लोगों को चिकन, मटन, मछली, अंडा और सीफूड जैसे नॉनवेज आइटम्स खाना बेहद पसंद होता है। इनसे शरीर को आवश्यक पोषक तत्व मिलते हैं। मांस, मछली और अंडा प्रोटीन के बेहतरीन स्रोत हैं, जो मांसपेशियों को मजबूत करने और इम्यून सिस्टम को दुरुस्त रखने में मदद करते हैं। यह भी माना जाता है कि नॉनवेज खाद्य पदार्थों में विटामिन B12 की मात्रा वेजिटेरियन डाइट की तुलना में अधिक होती है। इसके अलावा, इनमें आयरन, जिंक, विटामिन D और अन्य कई जरूरी विटामिन्स भी भरपूर होते हैं। मछली खासतौर पर ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर होती है, जो त्वचा की चमक बढ़ाने के साथ ही मस्तिष्क और हृदय के स्वास्थ्य के लिए भी जरूरी है।

कई लोग हर दिन या दो दिन में एक बार नॉनवेज खाना पसंद करते हैं, खासकर वे लोग जो फिटनेस को लेकर सजग रहते हैं। उन्हें लगता है कि नियमित रूप से नॉनवेज लेने से शरीर को सभी जरूरी पोषक तत्व मिलते रहेंगे। हालांकि, गर्मी के मौसम में अधिक मात्रा में नॉनवेज का सेवन शरीर के लिए हानिकारक हो सकता है। इसलिए विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार, गर्मियों में नॉनवेज का सेवन सीमित मात्रा में और संतुलित रूप से करना चाहिए।

गर्मी में ज्यादा नॉनवेज खाने से हो सकती है ये समस्या

दिल्ली स्थित श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टीट्यूट की चीफ डायटिशियन प्रिया पालीवाल के अनुसार, यदि आप नॉनवेज खाने के शौकीन हैं और गर्मियों में भी इसका अधिक सेवन करते हैं, तो कुछ विशेष बातों का ध्यान रखना जरूरी है। गर्म तासीर वाला नॉनवेज शरीर में गर्मी बढ़ा सकता है, जिससे अपच, एसिडिटी और थकान जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

गर्मी में नॉनवेज के साथ खाएं ये चीजें

लेकिन अगर आप नॉनवेज के साथ ठंडी तासीर वाली कुछ चीजों का सेवन करते हैं, तो गर्मी के मौसम में होने वाली परेशानियों से बचा जा सकता है। जैसे गर्मियों में नॉनवेज के साथ दही का सेवन जरूर करें, यह पाचन क्रिया को सुधारने और शरीर को ठंडक देने में मदद करता है। दूसरी चीज है पुदीना, जो स्वाद बढ़ाने के साथसाथ शरीर को ठंडा रखता है। तीसरा है नींबूआप नॉनवेज पर नींबू का रस डाल सकते हैं, जिससे भोजन को पचाना आसान हो जाता है।

चौथी चीज है खीरा या ककड़ी, जो शरीर में पानी की कमी को दूर करने में सहायक होती है और हाइड्रेशन बनाए रखती है। पांचवीं चीज है छाछ या मट्ठा, जो भारी भोजन के बाद पेट को राहत और ठंडक प्रदान करता है। इन पांचों में से कोई भी एक चीज नॉनवेज के साथ शामिल कर आप गर्मियों में स्वाद और सेहत दोनों का ख्याल रख सकते हैं। इसके अलावा, ज्यादा तलाभुना और मसालेदार नॉनवेज खाने से बचें और दिनभर भरपूर मात्रा में पानी पिएं ताकि शरीर का तापमान संतुलन में बना रहे।

Your Comments