शारदीय नवरात्रि 2025 की शुरुआत 22 सितंबर से हो चुकी है। भक्त नौ दिनों तक मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा करते हैं और कई लोग इस दौरान व्रत रखते हैं। व्रत में आमतौर पर फलाहार लिया जाता है, जिसमें फल, आलू, सिंघाड़े, कूटू का आटा, नट्स और सीड्स शामिल होते हैं।

उपवास धार्मिक आस्था से जुड़ा होता है, लेकिन यह शरीर को डिटॉक्स करने और मेटाबॉलिज्म सुधारने में भी मदद करता है। हालांकि लगातार नौ दिन व्रत रखना आसान नहीं होता और कई बार लोगों को थकान व कमजोरी महसूस हो सकती है।

कमजोरी से बचने और शरीर में एनर्जी बनाए रखने के लिए पर्याप्त पानी पीना जरूरी है। साथ ही आप जूस और स्मूदी भी डाइट में शामिल कर सकते हैं। खासकर अगर आपको फल सीधे खाना पसंद नहीं है तो स्मूदी एक बेहतर विकल्प है।

इस आर्टिकल में हम आपके लिए 5 झटपट स्मूदी रेसिपी लेकर आए हैं, जिन्हें आप आसानी से घर पर बनाकर उपवास के दौरान एनर्जी से भरपूर रह सकते हैं।

बनाना और नट्स स्मूदी

इसे बनाने के लिए सबसे पहले बादाम और काजू को 1–2 घंटे या फिर रातभर के लिए पानी में भिगो दें। इसके बाद मिक्सर या ब्लेंडर में कटे हुए केले, भीगे हुए बादामकाजू, ज़रूरत के अनुसार दूध और मिठास के लिए शहद या खजूर डालें। चाहें तो इसमें थोड़ी चीनी भी मिला सकते हैं।

सभी सामग्री को 1–2 मिनट तक ब्लेंड करें, जब तक मिश्रण पूरी तरह से स्मूद और क्रीमी न हो जाए। अब स्मूदी को गिलास में डालें और ऊपर से बारीक कटे या कद्दूकस किए बादाम और काजू से गार्निश कर सर्व करें।

केला पोटेशियम, फाइबर और प्रोटीन से भरपूर होता है, जो शरीर को तुरंत ऊर्जा और ताज़गी प्रदान करता है।

चीकू और बनाना स्मूदी

इसे बनाने के लिए चीकू और केले को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें। अब इन्हें दूध और मिठास के लिए शहद या खजूर के साथ ब्लेंडर में डालें। सामग्री को तब तक ब्लेंड करें जब तक मिश्रण स्मूद और गाढ़ा न हो जाए।

स्मूदी को गिलास में डालें और ऊपर से चीकू स्लाइस या ड्राई फ्रूट्स से गार्निश करके सर्व करें। यह स्मूदी आयरन और फाइबर से भरपूर होती है और तुरंत ऊर्जा प्रदान करती है।

खीरे की स्मूदी

खीरा शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है और इससे आप ताज़ा स्मूदी भी बना सकते हैं। इसके लिए खीरे को मोटे टुकड़ों में काट लें। अब इसे धनिया की पत्तियों के साथ ग्राइंडर में डालकर स्मूद पीस लें।

सेब, केला और ड्राई फ्रूट स्मूदी

सेब, केला और ड्राई फ्रूट्स सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं और शरीर को तुरंत एनर्जी प्रदान करते हैं। इन सभी को मिलाकर आप स्वादिष्ट स्मूदी बना सकते हैं।

इसके लिए सबसे पहले केला और सेब को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें। अब इन्हें दूध और भीगे हुए ड्राई फ्रूट्स के साथ मिक्सी में डालकर ब्लेंड करें। आपकी टेस्टी और हेल्दी स्मूदी तैयार है, जिसे तुरंत सर्व किया जा सकता है।

पपीता स्मूदी

पपीता सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है और इससे स्वादिष्ट स्मूदी भी बनाई जा सकती है। इसके लिए पपीते को धोकर छोटे टुकड़ों में काट लें। अब इसे दूध और भीगे हुए नट्स के साथ ग्राइंड करें। चाहें तो इसमें केला, सेब या मैंगो भी मिला सकते हैं। आपकी टेस्टी पपीता स्मूदी तैयार है।

नवरात्रि व्रत के दौरान स्मूदी पीना एक अच्छा विकल्प हो सकता है, क्योंकि यह ऊर्जा बनाए रखने में मदद करता है। हालांकि ध्यान रखें कि इन फलों में प्राकृतिक शुगर होती है और स्मूदी बनाने के दौरान इस्तेमाल किए गए अन्य इंग्रीडिएंट्स से शुगर और फैट की मात्रा बढ़ सकती है। इसलिए डायबिटीज के मरीज इसे पीने से बचें और किसी भी मेडिकल कंडीशन के मामले में इसे पीने से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।