Apple Store बेंगलुरु : भारत में तीसरा फिजिकल स्टोर खोलने की तैयारी, iPhone 17 लॉन्च से पहले होगा उद्घाटन Apple अब भारत में अपना तीसरा फिजिकल स्टोर खोलने की तैयारी में है, जो लगभग 8000 वर्ग फुट क्षेत्र में फैला होगा। यह स्टोर दिल्ली में मौजूद एपल स्टोर के आकार के बराबर होगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ने इस नए स्टोर को 10 साल की लीज पर लिया है। खास बात यह है कि इस स्टोर को iPhone 17 सीरीज के लॉन्च से पहले शुरू किया जाएगा।

हर साल iPhone की नई सीरीज लॉन्च होते ही दुकानों के बाहर ग्राहकों की लंबी कतारें देखने को मिलती हैं। भारतीय ग्राहकों में iPhone के प्रति इसी जबरदस्त उत्साह को देखते हुए Apple पहले ही दिल्ली और मुंबई में दो स्टोर्स खोल चुका है। अब कंपनी तीसरे स्टोर को iPhone 17 सीरीज की लॉन्चिंग से पहले शुरू करने की योजना बना रही है।

अब सवाल यह है कि Apple का तीसरा स्टोर भारत के किस राज्य में खुलेगा?

Apple के CEO टिम कुक ने हाल ही में संकेत दिए थे कि दिल्ली और मुंबई के बाद कंपनी पुणे और बेंगलुरु में स्टोर खोल सकती है। अब बिजनेस स्टैंडर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, Apple का तीसरा फिजिकल स्टोर बेंगलुरु के हेब्बल इलाके में Phoenix Mall of Asia में खुलने की संभावना है। यह कदम भारत में कंपनी की बढ़ती रुचि और निवेश को दर्शाता है।

माना जा रहा है कि मॉल की पहली मंजिल पर स्थित यह नया स्टोर करीब 8000 वर्ग फुट का होगा, जो दिल्ली वाले स्टोर जितना ही बड़ा है। हालांकि, यह मुंबई के 20800 वर्ग फुट वाले विशाल स्टोर के मुकाबले छोटा होगा, लेकिन सुविधाओं और अनुभव के मामले में यह किसी से कम नहीं होगा।

Apple Store Bengaluru: कब खुलेगा स्टोर?

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि Apple ने इस लोकेशन को 10 वर्षों की लीज पर लिया है। स्टोर शुरू होने के बाद पहले तीन सालों तक कंपनी यहां से 2% रेवेन्यू अर्जित करेगी, जिसके बाद यह आंकड़ा बढ़ाकर 2.5% किया जाएगा। फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, बेंगलुरु स्थित इस नए स्टोर के लिए Apple सालाना करीब 2.09 करोड़ रुपये (यानि प्रति माह लगभग 17.4 लाख रुपये) खर्च करेगी।

इसके अलावा जानकारी मिली है कि लीज की शुरुआत 8 नवंबर 2024 से हो चुकी है, जबकि किराये का भुगतान 8 अगस्त 2025 से शुरू किया जाएगा। इससे यह स्पष्ट है कि आने वाले कुछ महीनों में बेंगलुरु स्थित Apple स्टोर का उद्घाटन हो सकता है। हालांकि, फिलहाल कंपनी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।