थाईलैंड का ताजमहल : भारत का ताज महल देखने हर साल दुनियाभर से लाखों पर्यटक आते हैं। सफेद संगमरमर से बना यह खूबसूरत स्मारक प्रेम की अमर निशानी माना जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि थाईलैंड में भी एक ऐसा ही सफेद और बेहद आकर्षक स्थान मौजूद है, जिसे देखने अब दुनियाभर के टूरिस्ट खिंचे चले आ रहे हैं? इस लेख में हम आपको उसी अद्भुत जगह के बारे में बताएंगे।

जिस तरह भारत का ताज महल प्यार की मिसाल माना जाता है और विश्व के सात अजूबों में से एक है, उसी तरह थाईलैंड में भी एक ताज महल जैसा दिखने वाला सफेद मंदिर है, जो अपनी सुंदरता से सबका मन मोह लेता है। हम बात कर रहे हैं थाईलैंड के मशहूर व्हाइट टेम्पल की, जिसे वहां की स्थानीय भाषा में वाट रोंग खुन (Wat Rong Khun) कहा जाता है।

थाईलैंड के चियांग राय (Chiang Rai) में स्थित यह मंदिर अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख पर्यटन स्थल बन चुका है। जैसे ही आप इसके पास पहुंचते हैं, आपको ऐसा महसूस होता है मानो किसी दूसरी दुनिया में आ गए हों। मंदिर की दीवारों पर चमकते शीशे, सफेद संगमरमर की कलाकारी और बारीकी से किया गया डिज़ाइन मिलकर इसे एक दिव्य अनुभव बना देते हैं। आइए, जानें इसथाईलैंड के ताज महलके बारे में पूरी जानकारी और इसकी खासियतें।

कहां स्थित है वाइट टेंपल?

वाइट टेंपल थाईलैंड के उत्तर में स्थित चियांग राय प्रांत में मौजूद है। यह शहर बैंकॉक से लगभग 800 किलोमीटर की दूरी पर है और थाईलैंड आने वाले पर्यटकों के बीच तेजी से लोकप्रिय होता जा रहा है।

वाइट टेंपल का इतिहास

वाट रोंग खुन की कहानी किसी सामान्य मंदिर जैसी नहीं है। 1997 में थाईलैंड के प्रसिद्ध कलाकार चालर्मचाई कोसितपिपत ने इस मंदिर को अपनी कल्पना और कला के साथ पुनर्निर्माण करना शुरू किया था। पहले यह एक पुराना और खंडहर होता जा रहा मंदिर था, लेकिन कलाकार ने अपने खर्च पर इसे पूरी तरह से नया स्वरूप देते हुए आधुनिक कला का अद्भुत मंदिर बना दिया।

टेंपल की खासियत

सफेदी और कांच की चमक: इस मंदिर की संपूर्ण संरचना शुद्ध सफेद रंग में तैयार की गई है, जो पवित्रता और निर्मलता का प्रतीक मानी जाती है। इसकी दीवारों पर जड़े कांच के टुकड़े सूरज की रोशनी में बेहद चमकते हैं, जिससे यह मंदिर एक स्वर्गिक दृश्य प्रस्तुत करता है। इसकी सबसे अनोखी खासियत है यहां का वॉशरूम, जो पूरी तरह शुद्ध सोने से बना हुआ है।

स्वर्ग और नर्क का प्रतीकात्मक अंतर: मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार तक पहुंचने के लिए एक पुल पार करना होता है, जिसके नीचे फैले हुए हाथों की मूर्तियां नरक का प्रतीक हैं। ये प्रतीक दिखाते हैं कि स्वर्ग में पहुंचने से पहले आत्मा को पाप के मार्ग से गुजरना पड़ता है।

खास आकर्षण: मंदिर के भीतर पारंपरिक धार्मिक चित्रों के साथसाथ आधुनिक पॉप कल्चर के दृश्य भी नजर आते हैं। यहां आप सुपरमैन, स्पाइडरमैन, हैलो किट्टी से लेकर टर्मिनेटर जैसे प्रसिद्ध कैरेक्टर्स की झलक भी देख सकते हैं।

घूमने का सही समय?

थाईलैंड में नवंबर से फरवरी का मौसम ठंडा और खुशनुमा रहता है, जो यहां यात्रा करने के लिए सबसे उपयुक्त समय माना जाता है। इस अवधि में धूप भी हल्की होती है और पर्यटकों की भीड़ अपेक्षाकृत कम होती है, जिससे आप शांति से थाईलैंड के इस ताज महल जैसी खूबसूरत जगह का आनंद ले सकते हैं।

Your Comments