बिग बॉस 19 लेटेस्ट ट्विस्ट : सलमान खान का रियलिटी शो बिग बॉस 19 अब अपने फिनाले की ओर तेजी से बढ़ रहा है। शो में जबरदस्त प्रदर्शन करने वाले लोकप्रिय कंटेस्टेंट गौरव खन्ना को आखिरकार लंबे इंतजार के बाद कप्तान बनने का मौका मिला, लेकिन उनकी ये खुशी ज़्यादा देर तक टिक नहीं पाई।

कलर्स टीवी और जियो सिनेमा पर प्रसारित हो रहे बिग बॉस 19 में अब एक नया और रोमांचक ट्विस्ट देखने को मिला है, जिसने घरवालों के साथ–साथ दर्शकों को भी पूरी तरह चौंका दिया है। ढाई महीने की कड़ी मेहनत और संघर्ष के बाद गौरव खन्ना को कप्तानी की कुर्सी मिली, लेकिन उनका ये राज मात्र एक घंटे में ही खत्म हो गया।

दरअसल, कैप्टेंसी टास्क के फाइनल राउंड में गौरव खन्ना और शहबाज बदेशा के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। गौरव को ‘एक्स्ट्रा पावर’ का फायदा मिला, जिसके चलते बिग बॉस ने उन्हें दो बड़े विकल्प दिए — और यहीं से खेल ने अप्रत्याशित मोड़ ले लिया।

गौरव के खिलाफ घर में बगावत

गौरव खन्ना ने बिना ज्यादा विचार किए अपनी कप्तानी को प्राथमिकता दी, जिसका नतीजा पूरे घर के लिए भारी साबित हुआ। उनके इस फैसले के बाद सभी घरवाले नॉमिनेशन की सूची में आ गए, और बिग बॉस ने राशन में भी बड़ी कटौती कर दी। गौरव के इस सेल्फ–सेंटरड डिसीजन से घर में जबरदस्त हंगामा मच गया। अमाल मलिक, फरहाना भट्ट, शहबाज बदेशा, मालती चाहर, तान्या मित्तल और कुनिका सदानंद समेत लगभग सभी कंटेस्टेंट्स ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया। गुस्से में आकर सभी ने अपनी–अपनी जिम्मेदारियां निभाने से स्पष्ट इनकार कर दिया, जिससे माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया।

शहबाज बने नए कप्तान

आमतौर पर बिग बॉस के घर में कैप्टेंसी इतनी जल्दी नहीं बदली जाती, लेकिन इस बार स्थिति बिल्कुल अलग थी। घरवालों के विरोध और ड्यूटी करने से इनकार के बाद बिग बॉस ने खुद अपने ही नियम को तोड़ते हुए एक बड़ा फैसला लिया।

उन्होंने सभी घरवालों को मौका दिया कि वे गौरव खन्ना और शहबाज बदेशा में से किसी एक को नया कप्तान चुनें। गौरव के फैसले से नाराज अधिकांश सदस्यों ने शहबाज बदेशा के पक्ष में मतदान किया, और इस तरह शहबाज को घर का नया कप्तान घोषित कर दिया गया।अब नए कैप्टन शहबाज को छोड़कर बाकी सभी सदस्य इस हफ्ते एलिमिनेशन के लिए नॉमिनेट हो गए हैं, जिससे घर का माहौल पहले से कहीं ज्यादा गर्म और तनावपूर्ण हो गया है।