बिग बॉस ओटीटी 3 के रविवार के एपिसोड में यूट्यूबर अरमान मलिक ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर विशाल पांडे को थप्पड़ मार दिया। आमतौर पर बिग बॉस के घर में यदि कोई कंटेस्टेंट दूसरे कंटेस्टेंट पर हाथ उठाता है, तो उसे शो से बाहर कर दिया जाता है। लेकिन बिग बॉस ओटीटी के घर में विशाल को थप्पड़ मारने के बावजूद अरमान को शो से बाहर नहीं किया गया।

बिग बॉस ओटीटी 3 के ‘वीकेंड के वार’ में अनिल कपूर की उपस्थिति में यूट्यूबर अरमान मलिक की पहली पत्नी पायल ने एक बड़ा दावा किया। उन्होंने विशाल पांडे पर आरोप लगाया कि उन्होंने अरमान की दूसरी पत्नी कृतिका मलिक के बारे में गलत बातें कही हैं। दरअसल, विशाल ने कृतिका को देखकर अपने दोस्त लवकेश कटारिया के कान में कहा था कि वह एक चीज के लिए गिल्टी महसूस करते हैं और उन्हें भाभी (कृतिका मलिक) अच्छी लगती हैं। हालांकि, अरमान और कृतिका दोनों इस बात से अनजान थे। पायल के इस खुलासे के बाद अरमान अपने आप को रोक नहीं पाए और उन्होंने विशाल को थप्पड़ मार दिया।

बिग बॉस के घर में यदि कोई कंटेस्टेंट अपने साथी कंटेस्टेंट पर हाथ उठाता है, तो उसे ‘हिंसा’ माना जाता है और बिग बॉस के नियमों के अनुसार हिंसा करने वाले को शो से बाहर कर दिया जाता है। बिग बॉस 17 में अभिषेक कुमार पर हाथ उठाने के कारण तहलका भाई (सनी आर्या) को शो से बाहर कर दिया गया था। इसी कारण से, अरमान द्वारा विशाल पांडे को थप्पड़ मारने के बाद कई लोगों को लगा था कि उन्हें भी शो से बाहर कर दिया जाएगा, लेकिन बिग बॉस की टीम ने अरमान को घर से बाहर नहीं निकाला।

घरवालों ने लिया फैसला

दरअसल, अरमान द्वारा विशाल पर हाथ उठाने के बाद, बिग बॉस ने लवकेश कटारिया, रणवीर शौरी और दीपक चौरसिया को कन्फेशन रूम में बुलाया। बिग बॉस ने उन्हें बताया कि आमतौर पर जब भी कोई कंटेस्टेंट दूसरे कंटेस्टेंट पर हाथ उठाता है, तो उसे शो से निष्कासित कर दिया जाता है। लेकिन घर में हुई यह घटना बाकी घटनाओं से अलग है। इस मामले में, अरमान एक पति हैं और उनकी पत्नी के खिलाफ किसी ने गलत शब्दों का इस्तेमाल किया है, यानी उन्हें इस कदम को उठाने के लिए उकसाया गया है। इसलिए यह आपको तय करना है कि अरमान को शो में रखा जाए या उन्हें बाहर निकाला जाए।

जरूर पढ़े :-    Bigg Boss OTT 3: अरमान मलिक के साथ इन कंटेस्टेंट के सिर पर मंडरा रहा है खतरा 8 घरवाले हुए नॉमिनेट

अरमान को मिली सजा

कन्फेशन रूम में आए तीनों कंटेस्टेंट ने यह फैसला किया कि इस पूरे मामले में अरमान मलिक नहीं, बल्कि विशाल पांडे गलत हैं और इसलिए अरमान को कोई सजा नहीं होनी चाहिए। हालांकि, अनिल कपूर ने इन तीनों कंटेस्टेंट के फैसले को घरवालों के साथ साझा करते हुए अरमान से कहा कि भले ही आपको आज बिग बॉस के घर से बाहर नहीं निकाला जा रहा है, लेकिन आपकी सजा यह है कि अब से घर से बाहर जाने तक हर हफ्ते आपको नॉमिनेट किया जाएगा।