मिस वर्ल्ड 2025 : साल 2025 के मिस वर्ल्ड ब्यूटी पेजेंट का खिताब किसके सिर सजेगा, इस पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं। इस बार यह भव्य आयोजन भारत के हैदराबाद शहर में किया जा रहा है और इसका ग्रैंड फिनाले 31 मई को आयोजित होगा। आइए जानें कि आप इस शानदार इवेंट को घर बैठे कैसे लाइव देख सकते हैं।
Table of Contents
हर साल मिस वर्ल्ड ऑर्गेनाइजेशन दुनियाभर के 100 से अधिक देशों की कंटेस्टेंट्स के साथ इस प्रतियोगिता का आयोजन करता है, जिसकी मेजबानी हर बार किसी नए देश में होती है। इस बार 72वें एडिशन की मेजबानी भारत को मिली है और इसका समापन 31 मई को होने वाले ग्रैंड फिनाले के साथ होगा, जिसे आप घर बैठे लाइव देख सकते हैं।
मिस वर्ल्ड फेस्टिवल की शुरुआत 7 मई से हो चुकी है और अब 31 मई को विजेता की घोषणा के साथ यह प्रतिष्ठित इवेंट समाप्त होगा। भारत की ओर से इस बार नंदिनी गुप्ता मुकाबले में हिस्सा ले रही हैं। ग्रैंड फिनाले शनिवार शाम 6:30 बजे हैदराबाद के हाईटेक एग्जीबिशन सेंटर में होगा और इसे लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए देखा जा सकेगा।
कहां देखें लाइव?
अगर आप मिस वर्ल्ड ब्यूटी पेजेंट का आयोजन घर बैठे लाइव देखना चाहते हैं, तो इसे स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म Sony Liv पर देख सकते हैं। इसके अलावा, आप Watchmissworld.com पर भी इस इवेंट की लाइव स्ट्रीमिंग का आनंद ले सकते हैं।
कौन हैं नंदिनी गुप्ता?
नंदिनी गुप्ता राजस्थान के कोटा जिले से ताल्लुक रखती हैं और उनके पिता एक किसान हैं। नंदिनी ने पहले मिस राजस्थान का खिताब अपने नाम किया, फिर मिस इंडिया बनीं और अब वे मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। पूरे देश की निगाहें अब उन पर टिकी हैं।
भारत को आखिरी बार मिस वर्ल्ड का ताज साल 2017 में मिला था, जब मानुषी छिल्लर ने यह खिताब अपने नाम किया था। अब तक भारत की छह महिलाओं ने यह गौरव हासिल किया है। सबसे पहले रीता फारिया ने 1966 में मिस वर्ल्ड का ताज जीता था। इसके बाद ऐश्वर्या राय, डायना हेडन, युक्ता मुखी और प्रियंका चोपड़ा ने यह खिताब हासिल किया। प्रियंका ने साल 2000 में यह उपलब्धि दर्ज की, और फिर 17 वर्षों बाद मानुषी छिल्लर ने देश का नाम रोशन किया। अब सभी की उम्मीदें नंदिनी गुप्ता से जुड़ी हैं।