Table of Contents
UPSC CSE Prelims 2024 Guidelines: यूपीएससी सीएसई प्रारंभिक परीक्षा 16 जून को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो शिफ्टों में होगी। पहली पाली में परीक्षा सुबह 9:30 बजे शुरू होकर 11:30 बजे तक चलेगी।
संघ लोक सेवा आयोग द्वारा यूपीएससी सिविल सेवा 2024 प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 16 जून को किया जाएगा। परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी किए जा चुके हैं। जिन उम्मीदवारों ने अभी तक हॉल टिकट डाउनलोड नहीं किया है, वे यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट से अपना एप्लीकेशन नंबर और जन्म तिथि दर्ज कर इसे डाउनलोड कर सकते हैं। आइए जानते हैं कि परीक्षा केंद्र पर उम्मीदवारों को किन नियमों का पालन करना होगा और परीक्षा के लिए ड्रेस कोड क्या है।
यूपीएससी परीक्षा के लिए कोई विशेष ड्रेस कोड नहीं है। उम्मीदवारों को परीक्षा के दिन आरामदायक, हल्के रंग के और शालीन कपड़े पहनने की अनुमति है। परीक्षा केंद्र पर स्मार्ट वॉच पहनकर नहीं जाया जा सकता है। केवल साधारण कलाई घड़ी पहनने की अनुमति है।
अभ्यर्थी इसका रखें ध्यान
यूपीएससी सीएसई प्रारंभिक परीक्षा में कुल 2 पेपर होंगे। पहला पेपर सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरा पेपर दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगा। यूपीएससी ने निर्देश दिया है कि सभी उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित परीक्षा समय से 30 मिनट पहले पहुंचना होगा। निर्धारित समय के बाद उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इन पर है प्रतिबंध
परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, आईटी गैजेट, किताबें आदि ले जाने की अनुमति नहीं है। आयोग के अनुसार, यदि ये वस्तुएं किसी भी उम्मीदवार के पास पाई जाती हैं, तो उन्हें तुरंत परीक्षा केंद्र से बाहर कर दिया जाएगा।
ये जरूर लेकर जाएं
उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर अपने साथ केवल ई-प्रवेश पत्र, पेन, पेंसिल, पहचान प्रमाण और अपनी फोटो की प्रतियां (जो भी लागू हो) ले जानी चाहिए। बिना एडमिट कार्ड के किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा हॉल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा 26 मई को होनी थी, लेकिन आम चुनावों के कारण इसे 16 जून तक के लिए स्थगित कर दिया गया।