Gond Laddu Benefits : सर्दियों में दादी–नानी के हाथों बने गोंद के लड्डू अक्सर हर घर में जरूर तैयार होते हैं। यह सिर्फ एक रिवाज नहीं, बल्कि पुराने जमाने का आजमाया हुआ हेल्थ फॉर्मूला है। हेल्थ एक्सपर्ट्स भी गोंद के लड्डुओं के कई फायदे बताते हैं और मानते हैं कि ये ठंड के मौसम में शरीर को स्वस्थ और मजबूत बनाए रखते हैं।
Table of Contents
दिसंबर आते–आते ठंड बढ़ने लगती है, ऐसे में गोंद के लड्डू बनाकर रख लेना बेहद फायदेमंद होता है, जिन्हें एक बार बनाकर पूरे सीजन खाया जा सकता है। ये लड्डू बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए लाभकारी होते हैं। खासतौर पर नई मांओं के लिए गोंद के लड्डू बेहद असरदार माने जाते हैं। पहले के समय में डिलीवरी के बाद और सर्दियों के मौसम में ये लड्डू जरूर बनाए जाते थे, लेकिन समय के साथ देसी नुस्खे पीछे छूटते चले गए और उनकी जगह बाजार में मिलने वाले सप्लीमेंट्स ने ले ली।
एक्सपर्ट्स का भी मानना है कि सर्दियों में गोंद के लड्डू बेहद फायदेमंद होते हैं, क्योंकि गोंद में शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं। वहीं इनमें डाले जाने वाले मेवे और ड्राई फ्रूट्स इसकी न्यूट्रिशन वैल्यू को और बढ़ा देते हैं।
अगर डाइट को मौसम के अनुसार बदला जाए तो कई मौसमी और वायरल बीमारियों से बचा जा सकता है। पौष्टिक चीजें खाने से शरीर अंदर से मजबूत बनता है और इम्यूनिटी बेहतर होती है। सर्दियों के लिए गोंद के लड्डू एक बेहतरीन पारंपरिक मिठाई हैं। आइए जानते हैं एक्सपर्ट से कि गोंद के लड्डू खाने के क्या–क्या फायदे हैं।
Gond Laddu Benefits : गोंद के लड्डू से शरीर रहेगा गर्म
ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. विद्या संजय केडकर के अनुसार, गोंद यानी गम अरेबिक अपनी गर्म तासीर के लिए जाना जाता है। यही वजह है कि इसे सर्दियों की तैयारियों, खासतौर पर गोंद के लड्डुओं में इस्तेमाल किया जाता है। इससे शरीर को अंदर से गर्माहट मिलती है और साथ ही यह सेहत के लिए कई अन्य लाभ भी प्रदान करता है।
जोड़ों का स्वास्थ्य रहेगा दुरुस्त
एक्सपर्ट्स के मुताबिक गोंद में सूजन को कम करने वाले यानी एंटी–इंफ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं, जो जोड़ों की सेहत को बेहतर बनाए रखने में मदद करते हैं। पारंपरिक चिकित्सा में इसे लंबे समय से गठिया और जोड़ों से जुड़ी समस्याओं में राहत के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है। सर्दियों के मौसम में मांसपेशियों में जकड़न, हड्डियों और जोड़ों के दर्द की शिकायत आम हो जाती है, जो खासतौर पर बुजुर्गों को ज्यादा परेशान करती है। ऐसे में गोंद के लड्डू काफी लाभकारी साबित हो सकते हैं।
एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर है गोंद
एक्सपर्ट्स के अनुसार गोंद में पाए जाने वाले एंटीऑक्सीडेंट शरीर को फ्री रेडिकल्स यानी नुकसानदायक मुक्त कणों से बचाने में मदद करते हैं। इससे ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस कम होता है और शरीर की संपूर्ण सेहत को बेहतर बनाए रखने में सहायक साबित होता है।
गर्माहट देने के साथ एनर्जी बूस्टर
एक्सपर्ट्स का कहना है कि गोंद शरीर में नेचुरल रूप से गर्माहट पैदा करती है, इसलिए इसे सर्दियों में खाए जाने वाले खाद्य पदार्थों में शामिल किया जाता है। यह न सिर्फ शरीर को ठंड से बचाने में मदद करती है, बल्कि एक प्राकृतिक एनर्जी बूस्टर की तरह काम कर आपको ज्यादा फुर्तीला और एक्टिव महसूस कराती है।
रोज एक गोंद का लड्डू
गोंद के लड्डू गेहूं के आटे, बादाम, काजू, अखरोट, पिस्ता, देसी घी और गुड़ जैसी पौष्टिक सामग्रियों से तैयार किए जाते हैं। ये सभी चीजें न्यूट्रिशन से भरपूर होती हैं, इसलिए इस सर्दी आपको भी गोंद के लड्डू की रेसिपी जरूर आजमानी चाहिए। रोजाना एक गोंद का लड्डू खाने से सेहत को कई फायदे मिल सकते हैं।